सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

महिला के खिलाफ अपराध- दोषी कौन




पिछले एक महीने से उत्तर प्रदेश(यूपी) के कानपुर में हूँ और जागरण प्रकाशन के आई नेक्स्ट में ट्रेनी सब एडिटर के पद पर काम कर रहा हूँ। जब से यूपी आया हूँ लगभग रोज महिला के खिलाफ अपराध के मामले सामने आ रहे हैं, पिछले 10 दिनों में कुल 6 रेप के वारदात प्रकाश में आए हैं। यह आंकड़ा किसी भी प्रदेश के प्रशासन और पुलिस के लिए न सिर्फ शर्म की बात है बल्कि ये लॉ एण्ड ऑर्डर के पूरी तरह विफल होने की ओर इशारा भी करता है। यहाँ शर्म की बात उस प्रदेश के लोगों के लिए भी है जिसके समाज में ऐसे जघन्य अपराध हो रहे हैं।

महिला के खिलाफ होने वाले अपराध की चरमसीमा दिल्ली के 16 दिसंबर वाली घटना में पूरा देश देख चुका है, उस घटना के बाद मुझे लगा था कि शायद अब देश बदलेगा, लोगों की सोच बदलेगी, लेकिन उस समय से अब तक हजारों रेप की घटनाएं हो चुकी होंगी। सबकुछ जस का तस है और तो और एक तरीके से रेप का ट्रेंड जैसा चल पड़ा है। बदायूं में दो चचेरी बहनों को रेप के बाद पेड़ से लटकाना, फिर बहराइच और मुरादाबाद में उसी अंदाज में घटना को अंजाम देना यह दर्शाता है कि अपराधी के हौसले कितने बुलंद और खौफनाक हैं। आम नागरिक को तो पुलिस और प्रशासन से ही उम्मीदें होती हैं, लेकिन प्रदेश के डीजीपी ही अगर यह बयान दें कि रेप तो एक रूटीन घटना है, सालों भर होती रहती है तो आम लोगों के लिए इससे बड़ी त्रासदी और क्या हो सकती है।

यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव के समय से ही मीडिया को लेकर मन में एक धारणा बना ली है कि मीडिया उसके खिलाफ है। अखिलेश को लगता है कि मीडिया बेकार में ही यूपी को फोकस करती है वो कहते हैं कि ऐसी घटनाएं तो पूरे देश में हो रही हैं तो सिर्फ यूपी ही क्यों? मानों उन्हें इन घटनाओं से ज्यादा चिंता अपने स्टेटस की हो, जो बिगड़ती जा रही है। आस्ट्रेलिया से पढ़ाई करके लौटे इंजीनियर ने प्रदेश के लोगों को हर मुकाम पर निराशा के सिवाय कुछ भी नहीं दिया है। यूपी सही मायनों में गुंडा राज की सही दास्तां बयां कर रहा है।

बेटे से चार कदम आगे मुलायम सिंह यादव ने कुछ दिन पहले एक बयान दिया था कि लड़के हैं लड़कों से गलतियाँ हो जाती है तो क्या इसके लिए उन्हें फांसी पर चढ़ा दिया जाए मैं समझता हूँ इस बयान के बाद से यूपी में महिलाओं के खिलाफ अपराध में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई। ऐसे बयानों से अपराधियों का हौसला और बढ़ता है। ऐसे बयान भी एक प्रकार से महिलाओं का सामाजिक रेप करते हैं।

पुलिस थाने में पीड़िता के पिता से जाति पूछा जाना भी इस समाज की घोर विडंबना का ही हिस्सा है। देश के संविधान को बने और लागू हुए 6 दशक से ज्यादा हो चुके हैं, महिलाओं को उसका अधिकार अब तक मिला ही नहीं है, जो महिला आज समाज के लिए एक आदर्श उदाहरण हैं उन्होंने अपने समाज और परिवेश से कड़ा संघर्ष करके वह मुकाम हासिल किया है, लेकिन यूपी की महिलाओं की स्थिति तो काफी बदतर मालूम पड़ती है। यूपी को देख कर लगता है कि इंडिया का सबसे विविध और ऐतिहासिक महत्व रखने वाला राज्य आज अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है।

मेरा मानना है कि अपराधी के अपराध करने में प्रशासन, समाज और पुलिस तीनों जिम्मेवार होता है क्योंकि अपराधी हमारे समाज का ही व्यक्ति है, जिसे हमारा समाज पनाह देने को मजबूर है क्योंकि वह अपनी राजनीतिक पहुँच के नाम पर प्रशासन और पुलिस को मुट्ठी में रखने का दंभ भरता है, यूपी में यह एक हकीकत है, जिसे मैंने अपने इस छोटे प्रवास में बखूबी फील किया है।


विवेकानंद सिंह          मोः08860533197

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जीवन की सार्थकता

लोग कहते हैं जीवन नश्वर है। बहुत से महान व्यक्तियों और संतों ने भी इस बात की सत्यता भी प्रमाणित की है। वे बड़े लोग थे उन्हें झूठलाया नहीं जा सकता- लेकिन मेरी समझ में जीवन नश्वर नहीं है। अगर नश्वर होता तो आज विश्व में मानव का आस्तित्व ही नहीं रहता। नश्वर शब्द का तात्पर्य उस वस्तु से है जिसका आस्तित्व ना रहें। किंतु मानव का आस्तित्व था, है, और रहेगा। व्यक्तिगत मृत्यु मानव का विनाश नहीं है। वह सिर्फ निरर्थक पत्तों का गिरना मात्र है। जिससे मानव रूपी वृक्ष की सुन्दरता विकृत ना हो जाय। व्यक्तिगत क्षति मेरी क्षति है। पर मानवता की नहीं...... विवेकानन्द आई आई एम सी

बिहार चुनाव को लेकर क्या है जनता परिवार की राजनीति?

विवेकानंद सिंह जनता परिवार को लेकर सबके दिमाग  में अभी बस एक ही बात आ रही होगी कि इतना हो-हल्ला और कई मीटिंग्स के दौर के बाद जब सबने एक होने का फैसला कर ही लिया तो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह विलय क्यों नहीं? जब मोदी की लहर के कारण धुर विरोधी हो चुके दो भाई गले मिलने को तैयार हो ही गए तो अब आखिर क्या समस्या हो गई? क्या लालू-नीतीश के रिश्तों में फिर से दरार आ गई? क्या पप्पू और मांझी का इसमें कोई फैक्टर तो नहीं है? लेकिन सवालों से इतर हकीकत यही है कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में राजद-जदयू के विलय से बेहतर विकल्प उनके लिए गठबंधन ही है। राजद के एक नेता से मेरी बात हुई तो उनका कहना था कि उनके लिए सीटों की संख्या से बड़ा मसला 16 वीं बिहार विधान सभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता तक पहुँचने से रोकना है। बीजेपी के नेता ने कहा कि इनकी आपसी लड़ाई के बीच हम 175 का आंकड़ा छूने में कामयाब होकर रहेंगे। खैर हार-जीत का पता तो चुनाव के बाद ही चलेगा लेकिन जनता परिवार में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस हलचल पर मशहूर नारा याद आ रहा है “अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है”। देखना दिलचस्प होगा क...

यहां सरकारी स्कूलों के 'शिक्षक' बने हैं 'मैनेजर'

विवेकानंद सिंह सरकारी स्कूलों में मिलनेवाली शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खास तौर से बिहार के सरकारी स्कूलों में काम करनेवाले शिक्षक आजकल गजब के मैनेजर बन गये हैं। हो सकता है आपको मेरी बातें थोड़ी अजीब लगे, लेकिन यह एक सच्चाई है। पढ़ाने के अलावा अपनी नौकरी बचाने के लिए व कम सैलरी को बेहतर बनाने के लिए उन्हें कई तरह से खुद को और छात्रों के अटेंडेंस को मैनेज करना पड़ता है। उन्हें हर दिन बच्चों के बिना स्कूल आये भी, उनका अटेंडेंस बनना पड़ता है। इसमें हेडमास्टर साहब (प्रधानाध्यापक) से लेकर शिक्षक भी एक-दूसरे की मदद करते नजर आते हैं। हालांकि, वे भ्रष्ट नहीं, बल्कि बस मैनेज कर रहे होते हैं, क्योंकि उनके ऊपर बैठे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी का काम भी सिर्फ अपनी सैलरी से तो नहीं चल पाता है। दरअसल, वे लोग भी मैनेज कर रहे होते हैं। क्योंकि, सबसे खास बात यह है कि बच्चों के पिता खुद ही मैनेज कर रहे होते हैं। वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की चाह में अपने बच्चे को ट्यूशन देते हैं, प्राइवेट टाइप स्कूल में पढ़ने भेजते हैं, लेकिन सरकारी सिंड्रोम से ग्रस्त हो...