सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

दोस्त का फोन और दिल की बातें

इश्क, प्यार, प्रेम, मोहब्बत, लव और भी जितने इसके पर्यायवाची शब्द हैं, इन्हें सुनने के साथ खुद के जवां होने का एक एहसास यकायक दिल को छू जाता है।
हुआ यूँ कि आज शाम को स्कूल के समय के एक दोस्त से बात हुई फोन पर, उसे नहीं मालूम था कि मैं फिलहाल एक मीडिया हाउस में काम कर रहा हूँ।
उसने पहला सवाल किया, और बे पढ़ाई कैसी चल रही है? लगे हाथ दूसरा सवाल वो तेरा नेट का क्या हुआ? और फिर तीसरा, वो जिससे तुम्हें प्रेम हुआ था वो भाव देती है कि पहले की तरह घंटा ही बजा रहे हो?
मैं खामोश, जैसे शॉटगन साहब ने मुझे भी जोर से खामोश कह दिया हो।
फिर बड़ी सहजता और थोड़ी शालीनता के साथ रिप्लाई दिया, अबे यार कानपुर में हूँ, जागरण(आई नेक्स्ट) में काम कर रहा हूँ। (भागलपुर में रहने वालों को आई नेक्स्ट नहीं मालूम वो जागरण ही समझते हैं).
उसके बाद उसकी ओर से मानों हमला सा हुआ, कानपुर में तुम किसका जागरण करने लगे बे।
सत्यानाश हो तेरा, हम सोचे कि तुम दिल्ली गए हो तो आईएएस और नेट की तैयारी में लगे होगे। (उसका फेसबुक पर अकाउंट नहीं है)
फिर वो बोला, हम सोच रहे थे कि दिल्ली आयेंगे तुम्हारे पास। तुम तो धोखा दे दिए।
मैं कुछ बोल पाता, उससे आगे-आगे जनाब चले जा रहे थे।
फिर बोलने लगा, क्या काम करते हो? हमने जवाब दिया कि सब-एडिटर हूँ न्यूज़ पेपर में। वो बोला, अबे मैंने पूछा काम क्या करते हो?
मैं फिर कुछ पल सन्नाटे में, फिर "प्रमोद जोशी सर" की बताई एक बात याद आई तो उससे कहा कि "खबर को छपने लायक बनाता हूँ"।
उसने कहा ओह तो खबर लिखते हो।
मैं कुछ पूछता, उससे पहले अपनी कहानी बताने लगा।
बोला, भाई मुझे तो मेट्रिक से अब तक हर क्लास में अलग-अलग लड़की से प्रेम हुआ। फिलहाल इकोनोमिक्स से पीजी कर रहा हूँ, तो अभी अपनी प्रेम कथा यहाँ चल रही है। मैंने कहा कि पढ़ते हो कि हर क्लास में बस नौटंकी करते हो।
फिर लगा वो मुझे लताड़ने, बोलने लगा ये स्कूल, कॉलेज न होते तो लड़कियों को तो फ्रिज में बंद करके रखते उसके माँ-बाप, क्लास में साथ पढ़ने वाली लड़की को तो कभी तुम टोक न सके, तुम क्या समझोगे मेरा स्टाइल। क्लास के हीरो हैं गुरु।
हमने कहा बहुत हुआ, पढ़ो-लिखो कुछ काम देगा। उसने कहा, गुरु तुम प्रेम करो तुम्हें काम देगा।
फिर झट से बोल पड़ा, अबे तुम्हारा नंबर तो दिल्ली वाला है झूठ बोलते हो, रोमिंग में इतनी बात, तुम्हारे मोबाइल में बैलेंस तो रहता नहीं है।
हमने कहा रोमिंग पैक है भाई।
उसने फ़ोन रखने से पहले बोला, गुरु हमरी बात मान और दिल्ली लौट जाओ और, प्यार-मोहब्बत करना सीख लो इंसानों से, ये जनता का क्रिटिक है सबसे बेस्ट। फिर कभी आता हूँ तुमसे मिलने दिल्ली... बाय।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जीवन की सार्थकता

लोग कहते हैं जीवन नश्वर है। बहुत से महान व्यक्तियों और संतों ने भी इस बात की सत्यता भी प्रमाणित की है। वे बड़े लोग थे उन्हें झूठलाया नहीं जा सकता- लेकिन मेरी समझ में जीवन नश्वर नहीं है। अगर नश्वर होता तो आज विश्व में मानव का आस्तित्व ही नहीं रहता। नश्वर शब्द का तात्पर्य उस वस्तु से है जिसका आस्तित्व ना रहें। किंतु मानव का आस्तित्व था, है, और रहेगा। व्यक्तिगत मृत्यु मानव का विनाश नहीं है। वह सिर्फ निरर्थक पत्तों का गिरना मात्र है। जिससे मानव रूपी वृक्ष की सुन्दरता विकृत ना हो जाय। व्यक्तिगत क्षति मेरी क्षति है। पर मानवता की नहीं...... विवेकानन्द आई आई एम सी

बिहार चुनाव को लेकर क्या है जनता परिवार की राजनीति?

विवेकानंद सिंह जनता परिवार को लेकर सबके दिमाग  में अभी बस एक ही बात आ रही होगी कि इतना हो-हल्ला और कई मीटिंग्स के दौर के बाद जब सबने एक होने का फैसला कर ही लिया तो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह विलय क्यों नहीं? जब मोदी की लहर के कारण धुर विरोधी हो चुके दो भाई गले मिलने को तैयार हो ही गए तो अब आखिर क्या समस्या हो गई? क्या लालू-नीतीश के रिश्तों में फिर से दरार आ गई? क्या पप्पू और मांझी का इसमें कोई फैक्टर तो नहीं है? लेकिन सवालों से इतर हकीकत यही है कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में राजद-जदयू के विलय से बेहतर विकल्प उनके लिए गठबंधन ही है। राजद के एक नेता से मेरी बात हुई तो उनका कहना था कि उनके लिए सीटों की संख्या से बड़ा मसला 16 वीं बिहार विधान सभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता तक पहुँचने से रोकना है। बीजेपी के नेता ने कहा कि इनकी आपसी लड़ाई के बीच हम 175 का आंकड़ा छूने में कामयाब होकर रहेंगे। खैर हार-जीत का पता तो चुनाव के बाद ही चलेगा लेकिन जनता परिवार में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस हलचल पर मशहूर नारा याद आ रहा है “अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है”। देखना दिलचस्प होगा क...

यहां सरकारी स्कूलों के 'शिक्षक' बने हैं 'मैनेजर'

विवेकानंद सिंह सरकारी स्कूलों में मिलनेवाली शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खास तौर से बिहार के सरकारी स्कूलों में काम करनेवाले शिक्षक आजकल गजब के मैनेजर बन गये हैं। हो सकता है आपको मेरी बातें थोड़ी अजीब लगे, लेकिन यह एक सच्चाई है। पढ़ाने के अलावा अपनी नौकरी बचाने के लिए व कम सैलरी को बेहतर बनाने के लिए उन्हें कई तरह से खुद को और छात्रों के अटेंडेंस को मैनेज करना पड़ता है। उन्हें हर दिन बच्चों के बिना स्कूल आये भी, उनका अटेंडेंस बनना पड़ता है। इसमें हेडमास्टर साहब (प्रधानाध्यापक) से लेकर शिक्षक भी एक-दूसरे की मदद करते नजर आते हैं। हालांकि, वे भ्रष्ट नहीं, बल्कि बस मैनेज कर रहे होते हैं, क्योंकि उनके ऊपर बैठे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी का काम भी सिर्फ अपनी सैलरी से तो नहीं चल पाता है। दरअसल, वे लोग भी मैनेज कर रहे होते हैं। क्योंकि, सबसे खास बात यह है कि बच्चों के पिता खुद ही मैनेज कर रहे होते हैं। वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की चाह में अपने बच्चे को ट्यूशन देते हैं, प्राइवेट टाइप स्कूल में पढ़ने भेजते हैं, लेकिन सरकारी सिंड्रोम से ग्रस्त हो...