सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

सत्ता का गुणसूत्र

विवेकानंद सिंह

क्रोमोजोम यानी गुणसूत्र से तो आपलोग वाकिफ ही होंगे। इसमें जरा-सा एब्रेशन (दोष) आ जाये, तो अपंगता, मेंटल रेटार्डनेस, नपुंसकता जैसी समस्याएं आम बात हो जाती हैं। सत्ता के मामले में भी ऐसी समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है। बहुमत से एक सीट भी इधर-उधर हों, तो पूरा का पूरा खेल बिगड़ जाता है।
अब उत्तर प्रदेश में होनेवाले विधानसभा चुनाव को ही लीजिए। वहां की 403 विधानसभा और एक एंग्लो-इन्डियन सदस्य सहित 404 विधानसभा सदस्यों वाली विधानसभा में विजयी आंकड़े यानी 203 सीटें हासिल करने का हर पार्टी का अपना समीकरण है। अभी तक जो चुनावी रुझान बन रहे हैं उस हिसाब से सत्ता की रेस में तीन प्रमुख पार्टियां शामिल हैं। बाकी दलों में कांग्रेस राहुल गांधी को नेतागिरी की ट्रेनिंग देने के लिए और बचे-खुचे बस अपनी दाल-रोटी की जुगाड़ के लिए मैदान में डटे हैं।
हालांकि, मामला इतना भी आसान नहीं है, जितना कि सर्वे वाले बता रहे हैं। फिर भी राज्य में धीरे-धीरे हालात कुछ ऐसे बनाये जाने की कोशिश हो रही है कि बहुसंख्यक हिन्दू अस्मिता जग जाए और वे जय श्री राम का नारा लगानेवालों के साथ हो लें। क्योंकि, मुसलमान तो जय श्रीराम के उद्घोषकों के साथ जायेंगे नहीं! ऐसे कार्ड को खुल कर खेलने की तैयारी दिख रही है।
चूँकि 2014 लोकसभा चुनाव में बसपा ब्राह्मणों की जली है, इसलिए फूंक-फूंक कर मुस्लिम-दलित एकता के जरिये सत्ता की ओर बढ़ना चाहती है। वहीँ सपा की हालत कसाई के हाथों आ चुके उस बकरे जैसी हो गयी है, जिसे एहसास है कि अब किसी भी सूरत में उसे कटना ही है, इसलिए वह, जितना जोर लगा सकती है, लगा रही है।
भाजपा, जिसे सर्वे रेस में सबसे आगे बता रही है। उसको मैं रेस में आते हुए जरूर देख रहा हूँ। भाजपा का इतिहास गवाह है, जब भी आलतू-फालतू यानी, जिन मुद्दों का सरोकार वहां की जनता से कम और उनकी भावनाओं से ज्यादा जुड़ा हो, तब भाजपा लाभ की स्थिति में होती है।
पाकिस्तान के मामले पर जारी राजनीति, उत्तर प्रदेश में पीएम द्वारा रावण दहन आदि कार्यक्रम राजनीतिक रूप से अक्रिय पड़े दलित और पिछड़ों के वोट को हिन्दू अस्मिता के नाम पर भाजपा अपनी ओर करने में जुटी है। अगर ऐसा सच में हो जाता है, तो भाजपा उत्तर प्रदेश की सत्ता का गुणसूत्र हासिल कर सकती है। फिर भी भाजपा की चुनौती मुख्यमंत्री उम्मीदवार है क्योंकि बिहार हो या उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की जाति ही वोट के रफ़्तार की असली दिशा तय करेगी।
सपा की आखिरी होप अखिलेश यादव ही हैं। एक-से-से धाकड़, बाहुबली और भ्रष्टाचार आरोपी राजनीतिज्ञों के कुनबे में अखिलेश आशा की एक किरण की तरह संघर्षरत हैं। बाकी सपा के नेताजी यानी मुलायम सिंह की राजनीति का भी यह शायद रिटायरमेंट चुनाव है, तो उनके अपने वोटर का रुख भी देखने वाला होगा।
कांग्रेस और अन्य दल को जीरो बटे सन्नाटा समझना मेरे हिसाब से भूल होगी। क्योंकि, अगर सही में भाजपा चुनाव जीतनेवाली है, तो मान लीजिए कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस दूसरे नंबर पर रहेगी। बसपा और सपा क्षेत्रीय छत्रप हैं, इसलिए लड़ाई दिलचस्प रहेगी।
अब देखना तो यही है कि उत्तर प्रदेश की जनता क्या देखती है? पांच साल की सपा सरकार के काम को या फिर ढाई साल के मोदी सरकार की ऊर्जा को या, कुमारी मायावती की प्रशासनिक क्षमता को या फिर सर्जिकल स्ट्राइक की गूंज को या, जय श्री राम के नारे को…। इनमें से जिस पर उत्तर प्रदेश की अराजनीतिक जनता की दृष्टि पड़ गयी, वही रथ लखनऊ की तरफ बढ़ेगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जीवन की सार्थकता

लोग कहते हैं जीवन नश्वर है। बहुत से महान व्यक्तियों और संतों ने भी इस बात की सत्यता भी प्रमाणित की है। वे बड़े लोग थे उन्हें झूठलाया नहीं जा सकता- लेकिन मेरी समझ में जीवन नश्वर नहीं है। अगर नश्वर होता तो आज विश्व में मानव का आस्तित्व ही नहीं रहता। नश्वर शब्द का तात्पर्य उस वस्तु से है जिसका आस्तित्व ना रहें। किंतु मानव का आस्तित्व था, है, और रहेगा। व्यक्तिगत मृत्यु मानव का विनाश नहीं है। वह सिर्फ निरर्थक पत्तों का गिरना मात्र है। जिससे मानव रूपी वृक्ष की सुन्दरता विकृत ना हो जाय। व्यक्तिगत क्षति मेरी क्षति है। पर मानवता की नहीं...... विवेकानन्द आई आई एम सी

बिहार चुनाव को लेकर क्या है जनता परिवार की राजनीति?

विवेकानंद सिंह जनता परिवार को लेकर सबके दिमाग  में अभी बस एक ही बात आ रही होगी कि इतना हो-हल्ला और कई मीटिंग्स के दौर के बाद जब सबने एक होने का फैसला कर ही लिया तो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह विलय क्यों नहीं? जब मोदी की लहर के कारण धुर विरोधी हो चुके दो भाई गले मिलने को तैयार हो ही गए तो अब आखिर क्या समस्या हो गई? क्या लालू-नीतीश के रिश्तों में फिर से दरार आ गई? क्या पप्पू और मांझी का इसमें कोई फैक्टर तो नहीं है? लेकिन सवालों से इतर हकीकत यही है कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में राजद-जदयू के विलय से बेहतर विकल्प उनके लिए गठबंधन ही है। राजद के एक नेता से मेरी बात हुई तो उनका कहना था कि उनके लिए सीटों की संख्या से बड़ा मसला 16 वीं बिहार विधान सभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता तक पहुँचने से रोकना है। बीजेपी के नेता ने कहा कि इनकी आपसी लड़ाई के बीच हम 175 का आंकड़ा छूने में कामयाब होकर रहेंगे। खैर हार-जीत का पता तो चुनाव के बाद ही चलेगा लेकिन जनता परिवार में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस हलचल पर मशहूर नारा याद आ रहा है “अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है”। देखना दिलचस्प होगा क...

यहां सरकारी स्कूलों के 'शिक्षक' बने हैं 'मैनेजर'

विवेकानंद सिंह सरकारी स्कूलों में मिलनेवाली शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खास तौर से बिहार के सरकारी स्कूलों में काम करनेवाले शिक्षक आजकल गजब के मैनेजर बन गये हैं। हो सकता है आपको मेरी बातें थोड़ी अजीब लगे, लेकिन यह एक सच्चाई है। पढ़ाने के अलावा अपनी नौकरी बचाने के लिए व कम सैलरी को बेहतर बनाने के लिए उन्हें कई तरह से खुद को और छात्रों के अटेंडेंस को मैनेज करना पड़ता है। उन्हें हर दिन बच्चों के बिना स्कूल आये भी, उनका अटेंडेंस बनना पड़ता है। इसमें हेडमास्टर साहब (प्रधानाध्यापक) से लेकर शिक्षक भी एक-दूसरे की मदद करते नजर आते हैं। हालांकि, वे भ्रष्ट नहीं, बल्कि बस मैनेज कर रहे होते हैं, क्योंकि उनके ऊपर बैठे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी का काम भी सिर्फ अपनी सैलरी से तो नहीं चल पाता है। दरअसल, वे लोग भी मैनेज कर रहे होते हैं। क्योंकि, सबसे खास बात यह है कि बच्चों के पिता खुद ही मैनेज कर रहे होते हैं। वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की चाह में अपने बच्चे को ट्यूशन देते हैं, प्राइवेट टाइप स्कूल में पढ़ने भेजते हैं, लेकिन सरकारी सिंड्रोम से ग्रस्त हो...