सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

मेरा वोट मेरी ताकत..

कई दिनों तक फ़ेसबुक रोया, ब्लॉगर रहा उदास
कई दिनों तक लेपटॉप सोया, जाकर उनके पास

नये विचार आये हैं, मेरे अंदर कई दिनों के बाद,
चमक उठी है मेरी आँखें, कई दिनों के बाद।। बाबा नागार्जुन की "अकाल के बाद" कविता के साथ जो छेड़छाड़ मैंने की है उसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूँ, लेकिन कई दिनों के अकालग्रस्त जीवन के बाद आज पुनः कुछ लिखने का मन कर गया है।

देश में लोकसभा के चुनाव चल रहे हैं, ऐसे में बड़े-बड़े विद्वान, पत्रकार, नेता, समाजशास्त्री अपने-अपने अनुसार से देश के बनते-बिगड़ते राजनीतिक हालात पर अपनी टिप्पणी, विचार दे रहे हैं। हर बार की तरह जनता अपने दुख-दर्द से ज्यादा उन विचारों को तरजीह देगी ऐसी उम्मीद की जाती है। अब जनता क्या करेगी यह तो 16 मई को स्पष्ट हो जाएगा। मैं जो सोचता हूँ सारे देश की जनता वही सोचे यह संभव नहीं है क्योंकि स्थान, काल और दशा के हिसाब से समस्याएँ अलग-अलग है।


अब यहाँ आईआईएमसी में ही ले लिजिए यहाँ के छात्रों की समस्या अलग-अलग है लेकिन सभी का लक्ष्य एक है, वो है "सफल पत्रकार" बनना। चुनाव परिणाम को लेकर हम दोस्तों के बीच बड़ी-बड़ी बहसें होती हैं, पूरा न्यूज रूम जैसा माहौल होता है। कोई भाजपा की कमान संभाल लेता है, हाँ कांग्रेस का समर्थन करने वाले तो हैं यहाँ लेकिन उसके तरफ से बहस करने को कोई तैयार नहीं होता है। आम आदमी पार्टी की कमान संभालने वाले भी हैं, साम्यवाद की बात करने वाले भी बहस में हाथ दो-चार करने को तैयार रहते हैं। ज्यादातर लोग किसी भी विचारधारा का समर्थन करने को तैयार नहीं होते हैं।

पूरे देश के अलग-अलग प्रदेशों के छात्र आईआईएमसी में पढ़ते हैं, इसलिए कमाल-कमाल की बातें निकलकर सामने आती है। ओपेनियन पोल की तरह हमारी बहस में भी विजयी पताका मोदी के हाथ में है। बिहार के छात्रों के लिए सुशासन बाबू(नीतीश कुमार) व्यक्तिवाद के सूत्रधार स्वरूप खलनायक बन चुके हैं।

जनता सरकार चुनने के लिए अपने सांसद को देखेगी या प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को, यह तो जनता ही तय करेगी, लेकिन हमारी राय में जनता को अपने सांसद को देखकर ही वोट करना चाहिए ताकि उनका बेहतर प्रतिनिधित्व हो सके।

बहस से मुझे दुख इसलिए होता है कि मुद्दों की बात कोई करता ही नहीं है। मेनिफेस्टो तो जैसे लगता है कि कॉपी पेस्ट किया गया हो।
  • एक अपने द्वारा बनाए गये कानून की दुहाई देता है,
  • दूसरा गुजरात के विकास का चोंगा पिटता है,
  • तीसरा ईमानदार राजनीति की बात तो करता है, लेकिन उसके लिए उनके पास एक मात्र मुद्दा है जनलोकपाल,
  • चौथा अपनी हार मान ले रहा है, लेकिन अपने संघर्ष को जिंदा रखने मंजिरा बजाता दिखता है.

ना तो कोई किसान के लिए योजना की बात, ना ही युवाओं के रोजगार की बात, ना ही महिलाओं को उनका हक दिलाने की बात, ना ही प्राथमिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा की बात, बात की जाती है तो बस तीन देवों की जैसे तीनों में से कोई एक तो जैसे जादू कर देगा।

मैं आरोप प्रत्यारोप की बात नहीं करूँगा लेकिन क्या सच में बदलाव की तरफ देश अगर बढ़ रहा है तो वो बदलाव कैसा होगा? सिर्फ सत्ता का बदलाव होगा या देश के लोगों के जीवन में बदलाव होगा,, देश के अन्य लोगों की तरह मैं भी द्रष्टा हूँ, देख रहा हूँ कि मेरा अधिकार, मेरा वोट मुझे इस बार कितना समृद्ध करता है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जीवन की सार्थकता

लोग कहते हैं जीवन नश्वर है। बहुत से महान व्यक्तियों और संतों ने भी इस बात की सत्यता भी प्रमाणित की है। वे बड़े लोग थे उन्हें झूठलाया नहीं जा सकता- लेकिन मेरी समझ में जीवन नश्वर नहीं है। अगर नश्वर होता तो आज विश्व में मानव का आस्तित्व ही नहीं रहता। नश्वर शब्द का तात्पर्य उस वस्तु से है जिसका आस्तित्व ना रहें। किंतु मानव का आस्तित्व था, है, और रहेगा। व्यक्तिगत मृत्यु मानव का विनाश नहीं है। वह सिर्फ निरर्थक पत्तों का गिरना मात्र है। जिससे मानव रूपी वृक्ष की सुन्दरता विकृत ना हो जाय। व्यक्तिगत क्षति मेरी क्षति है। पर मानवता की नहीं...... विवेकानन्द आई आई एम सी

बिहार चुनाव को लेकर क्या है जनता परिवार की राजनीति?

विवेकानंद सिंह जनता परिवार को लेकर सबके दिमाग  में अभी बस एक ही बात आ रही होगी कि इतना हो-हल्ला और कई मीटिंग्स के दौर के बाद जब सबने एक होने का फैसला कर ही लिया तो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह विलय क्यों नहीं? जब मोदी की लहर के कारण धुर विरोधी हो चुके दो भाई गले मिलने को तैयार हो ही गए तो अब आखिर क्या समस्या हो गई? क्या लालू-नीतीश के रिश्तों में फिर से दरार आ गई? क्या पप्पू और मांझी का इसमें कोई फैक्टर तो नहीं है? लेकिन सवालों से इतर हकीकत यही है कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में राजद-जदयू के विलय से बेहतर विकल्प उनके लिए गठबंधन ही है। राजद के एक नेता से मेरी बात हुई तो उनका कहना था कि उनके लिए सीटों की संख्या से बड़ा मसला 16 वीं बिहार विधान सभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता तक पहुँचने से रोकना है। बीजेपी के नेता ने कहा कि इनकी आपसी लड़ाई के बीच हम 175 का आंकड़ा छूने में कामयाब होकर रहेंगे। खैर हार-जीत का पता तो चुनाव के बाद ही चलेगा लेकिन जनता परिवार में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस हलचल पर मशहूर नारा याद आ रहा है “अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है”। देखना दिलचस्प होगा क...

यहां सरकारी स्कूलों के 'शिक्षक' बने हैं 'मैनेजर'

विवेकानंद सिंह सरकारी स्कूलों में मिलनेवाली शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खास तौर से बिहार के सरकारी स्कूलों में काम करनेवाले शिक्षक आजकल गजब के मैनेजर बन गये हैं। हो सकता है आपको मेरी बातें थोड़ी अजीब लगे, लेकिन यह एक सच्चाई है। पढ़ाने के अलावा अपनी नौकरी बचाने के लिए व कम सैलरी को बेहतर बनाने के लिए उन्हें कई तरह से खुद को और छात्रों के अटेंडेंस को मैनेज करना पड़ता है। उन्हें हर दिन बच्चों के बिना स्कूल आये भी, उनका अटेंडेंस बनना पड़ता है। इसमें हेडमास्टर साहब (प्रधानाध्यापक) से लेकर शिक्षक भी एक-दूसरे की मदद करते नजर आते हैं। हालांकि, वे भ्रष्ट नहीं, बल्कि बस मैनेज कर रहे होते हैं, क्योंकि उनके ऊपर बैठे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी का काम भी सिर्फ अपनी सैलरी से तो नहीं चल पाता है। दरअसल, वे लोग भी मैनेज कर रहे होते हैं। क्योंकि, सबसे खास बात यह है कि बच्चों के पिता खुद ही मैनेज कर रहे होते हैं। वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की चाह में अपने बच्चे को ट्यूशन देते हैं, प्राइवेट टाइप स्कूल में पढ़ने भेजते हैं, लेकिन सरकारी सिंड्रोम से ग्रस्त हो...