सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

विज्ञापन की महिमा और प्रचारतंत्र

भारत में जन्म लेना मेरे लिए एक गौरव का विषय है। आप सोचेंगे कि ये लड़का तो बेकार में ही जज्बाती हो रहा है। इस देश में तो बस कमियाँ ही कमियाँ हैं, जिधर देखो उधर भूख है गरीबी है समाजिक, आर्थिक, और राजनीतिक हर स्तर पर असमानता है। इसके बाबजूद भी मैं सच में कह रहा हूँ कि मुझे भारतीय होने का गौरव है। किसी भी दर्शन के हिसाब से देखा जाए तो भारत के यही सारे कारण हमारे अंदर मानवीय गुणों को बचाए रखने के लिए हमें प्रेरित करता है। यह देश अपने लोगों को कदम-कदम पर मौके भी बहुत देता है। हालांकि ऐसा नहीं कि विश्व के अन्य देश बेकार हैं और वहाँ के लोगों को अपने देश पर गर्व नहीं होता है। सभी को अपने-अपने देश पर गर्व होता होगा, लेकिन मैं हूँ कि अपने देश पर गौरव होने का प्रचार कर रहा हूँ। मेरा कहने का मतलब यह है कि जिसको भी अपने कुछ भी होने का गौरव है, तो रहे, परंतु उसे सबको बताने की क्या जरूरत है?


जरूरत है, क्योंकि आज एक मठाधीश को इस बात की चिंता सताने लगती है कि कल तक उसको मिलने वाला दान या चंदा अब किसी साई बाबा के मंदिर में पहुँच जा रहा है। इसके पीछे के कारणों को जानने की जब कोशिश होती है तो पता चलता है कि इसमें जाने-अंजाने में हुए विज्ञापन अथवा प्रचार-प्रसार की भूमिका रही है। अब ये मठाधीश महराज जिनके लाखों लोग अनन्य भक्त हैं वो इनके लिए प्रचार और प्रसार का काम शुरू करते हैं। यकायक धर्म पर गौरव का एहसास उमड़ पड़ता है। फिर वो आदमी ब्रह्म की बातें करना शुरू करता है जो न तो कभी सूर्योदय को देखता है, न तो किसी धर्मग्रंथ को पढ़ा होता है और न ही अपने देश के संविधान की भी समझ रखता है। मेरी दादी बचपन में मुझे कहती थी कि बेटा जीवन में सारा संघर्ष रोटी का ही होता है। वो सच ही कहती थीं, रोटी का बस समयानुसार स्वरूप बदलता जाता है।


विज्ञापन अथवा प्रचार-प्रसार को अगर आप निर्विकार भाव से देखें अथवा पढ़ें तो आप पाएंगे की उनका लक्ष्य सबसे पहले आपके दिमाग को खरीदना रहता है। जैसे ही उस विज्ञापन पर आप सोचना शुरू करते हैं कि उसका मकसद पूरा हो जाता है। विज्ञापन कभी-कभी ऐसा एहसास भी देता है कि जैसे वह आपको जगा रहा है। आप जीवन के काम से थक गए हैं और एक विज्ञापन आकर आपको हँसा, रूला या, इमोशनल कर देता है। मैं यहाँ उन व्यापारिक और राजनीतिक विज्ञापन के संदर्भ में लिख रहा हूँ, जिन विज्ञापनों को पूँजीवाद का अग्रदूत कहा जाता है।
आप जब एक अन्य तरीके से सोचेंगे तो पाएंगे कि विज्ञापन ने तो इंसानी दुनिया को कितना समझदार और आसान बना दिया है। मैं एक वाक्या बताता हूँ, मेरा भंजा जो कि दूसरी कक्षा में पढ़ता है उसका पिछले 25 अगस्त को जन्मदिन था, वह मुंबई में रहता है। उसने 20 अगस्त को मुझे फोन किया और बोला मामा आप मुंबई आ जाओ मेरे बर्थडे के दिन, मैंने भी उसके ही अंदाज में कह दिया हाँ मैं पक्का 25 को मुंबई पहुँच जाउँगा। मैंने जब 25 को उसे विश करने के लिए फोन किया तो उसने तपाक से पूछा आप तो बोले आएंगे, क्यों नहीं आए आप? मैंने कहा मैं मुबंई पहुँच गया हूँ बस तुम्हारे पास पहुँच ही रहा हूँ। उसने कहा मामा नो उल्लू बनाविंगआप तो कानपुर में हो आप झूठ बोल रहे हो।


मेरा कहने का मतलब है कि अब छोटे से छोटे बच्चे भी इन विज्ञापनों के जरिए यह समझ जाते हैं कि उल्लू बनाना क्या होता है। यानी कि इसके निर्माण में रचनात्मकता का मसाला इतना डाला जाता है कि ये फूल स्पाइशी हो जाए। जब विज्ञापन के वाहन की बात होती है तो मीडिया सामने दिखता है और भारत की मीडिया में तो विज्ञापन की महत्ता का अपना एक अलग ही रंग है। रॉबिन जेफ्री साहब अपनी पुस्तक भारत की समाचार पत्र क्रांति में लिखते हैं कि भारत में विज्ञापन ऐसा लड्डू है जिसे खाओ तो भी तरसो, न खाओ तो भी तरसो। वहीं हिन्दी पत्रकारिता के युगपुरूष प्रभाष जोशी जी लिखते हैं कि आजकल समाचार पत्र खबरों की आढ़ लेकर विज्ञापन करने लगे हैं, जो अभिव्यक्ति पर हमले की तरह है। वो कहते हैं कि पत्रकारों को जो सवाल पूछने या कुछ भी लिखने आजादी मिली है वह उनकी आजादी नहीं इस देश के लोगों की आजादी है। अगर उस आजादी का इसी तरह दुरूपयोग होता रहा तो एक दिन पत्रकारों की सारी आजादी स्वतः छीन जाएगी। विज्ञापन और खबर के अंतर को आज बहुत हद तक सोशल मीडिया ने बेनकाब तो किया है, लेकिन पूँजीवाद का यह अस्त्र आज भी अभिव्यक्ति के गले काटने को बेताब रहता है।


आज विज्ञापन हमें देश पर गौरव करवा रहा है, विज्ञापन आज इंसान को शिक्षित कर रहा है, विज्ञापन आज भाषा कौशल को मजबूत कर रहा है, और इस बात में भी कोई शक नहीं कि विज्ञापन सरकारें बना और हटा भी रहा है। यह मेरे लोकतंत्र का महज एक विज्ञापन ही है और कुछ भी नहीं, बाकि जो सच है सो तो हैइये है।     



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जीवन की सार्थकता

लोग कहते हैं जीवन नश्वर है। बहुत से महान व्यक्तियों और संतों ने भी इस बात की सत्यता भी प्रमाणित की है। वे बड़े लोग थे उन्हें झूठलाया नहीं जा सकता- लेकिन मेरी समझ में जीवन नश्वर नहीं है। अगर नश्वर होता तो आज विश्व में मानव का आस्तित्व ही नहीं रहता। नश्वर शब्द का तात्पर्य उस वस्तु से है जिसका आस्तित्व ना रहें। किंतु मानव का आस्तित्व था, है, और रहेगा। व्यक्तिगत मृत्यु मानव का विनाश नहीं है। वह सिर्फ निरर्थक पत्तों का गिरना मात्र है। जिससे मानव रूपी वृक्ष की सुन्दरता विकृत ना हो जाय। व्यक्तिगत क्षति मेरी क्षति है। पर मानवता की नहीं...... विवेकानन्द आई आई एम सी

बिहार चुनाव को लेकर क्या है जनता परिवार की राजनीति?

विवेकानंद सिंह जनता परिवार को लेकर सबके दिमाग  में अभी बस एक ही बात आ रही होगी कि इतना हो-हल्ला और कई मीटिंग्स के दौर के बाद जब सबने एक होने का फैसला कर ही लिया तो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह विलय क्यों नहीं? जब मोदी की लहर के कारण धुर विरोधी हो चुके दो भाई गले मिलने को तैयार हो ही गए तो अब आखिर क्या समस्या हो गई? क्या लालू-नीतीश के रिश्तों में फिर से दरार आ गई? क्या पप्पू और मांझी का इसमें कोई फैक्टर तो नहीं है? लेकिन सवालों से इतर हकीकत यही है कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में राजद-जदयू के विलय से बेहतर विकल्प उनके लिए गठबंधन ही है। राजद के एक नेता से मेरी बात हुई तो उनका कहना था कि उनके लिए सीटों की संख्या से बड़ा मसला 16 वीं बिहार विधान सभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता तक पहुँचने से रोकना है। बीजेपी के नेता ने कहा कि इनकी आपसी लड़ाई के बीच हम 175 का आंकड़ा छूने में कामयाब होकर रहेंगे। खैर हार-जीत का पता तो चुनाव के बाद ही चलेगा लेकिन जनता परिवार में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस हलचल पर मशहूर नारा याद आ रहा है “अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है”। देखना दिलचस्प होगा क...

यहां सरकारी स्कूलों के 'शिक्षक' बने हैं 'मैनेजर'

विवेकानंद सिंह सरकारी स्कूलों में मिलनेवाली शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खास तौर से बिहार के सरकारी स्कूलों में काम करनेवाले शिक्षक आजकल गजब के मैनेजर बन गये हैं। हो सकता है आपको मेरी बातें थोड़ी अजीब लगे, लेकिन यह एक सच्चाई है। पढ़ाने के अलावा अपनी नौकरी बचाने के लिए व कम सैलरी को बेहतर बनाने के लिए उन्हें कई तरह से खुद को और छात्रों के अटेंडेंस को मैनेज करना पड़ता है। उन्हें हर दिन बच्चों के बिना स्कूल आये भी, उनका अटेंडेंस बनना पड़ता है। इसमें हेडमास्टर साहब (प्रधानाध्यापक) से लेकर शिक्षक भी एक-दूसरे की मदद करते नजर आते हैं। हालांकि, वे भ्रष्ट नहीं, बल्कि बस मैनेज कर रहे होते हैं, क्योंकि उनके ऊपर बैठे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी का काम भी सिर्फ अपनी सैलरी से तो नहीं चल पाता है। दरअसल, वे लोग भी मैनेज कर रहे होते हैं। क्योंकि, सबसे खास बात यह है कि बच्चों के पिता खुद ही मैनेज कर रहे होते हैं। वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की चाह में अपने बच्चे को ट्यूशन देते हैं, प्राइवेट टाइप स्कूल में पढ़ने भेजते हैं, लेकिन सरकारी सिंड्रोम से ग्रस्त हो...