सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

सांसद जी हमारा गांव भी ग्लोबल होना चाहता है

आज गाँव-गाँव सुनकर अपने गाँव की बहुत याद आई। मन कर रहा था कि बिहार के सारे सांसदों को मेल करूँ कि अरे कोई सांसद मेरे गाँव "हरचंडी" को भी गोद ले लीजिये भाई। परन्तु रुक गया, चूँकि बिहार में मेरे अपने गृह क्षेत्रों का भाग्य देखिये जब तक कांग्रेस की सरकार रही भागलपुर में बीजेपी के शाहनवाज़ हुसैन और बांका से गिरधारी यादव और क्रमश: निर्दलीय के तौर पर दिग्विजय बाबू (दादा) और उनकी पत्नी पुतुल कुमारी सांसद रहीं।

गिरधारी जी अपनी बांसुरी बजाने में पांच साल रहे। दादा जब तक थे जैसे भी हो बांका थोड़ा ही सही पर विकास कर रहा था। जब से दादा का निधन हुआ और पुतुल कुमारी सांसद बनी तब से धीरे-धीरे उनके साथ रहने वाले चमचों ने दादा के नाम को भी धूमिल किया। नतीजा सामने रहा बांका से मोदी लहर में भी राजद के जयप्रकाश यादव की जीत हुई।
कुछ वर्षों से भागलपुर की भाजपा में उठापटक जारी थी, शाहनवाज़ हुसैन को लेकर उनके ही बीच ये धारणा थी कि जब तक ये भागलपुर में रहेंगे यहाँ का नेता उभर नहीं पायेगा।
प्रयोगशाला तैयार हुई और प्रयोग सफल रहा और भागलपुर से शाहनवाज हुसैन हार भी गए। अब बताईये हमारे यहाँ के दोनों सांसद बीजेपी के विरोधी पार्टी से हैं। अब सत्ता वालों से जो छाड़न (छोड़ा हुआ) वही न हमारे क्षेत्र के हिस्से आएगा।

ऐसे इ पीएम में एक बात मस्त है, टॉपिक सब चुन-चुन के मुद्दा उठा रहे हैं। खैर इनके बहाने से जयापुर तो अब ग्लोबल गाँव बन गया।

हम जब 11-12 साल के रहे होंगे, उस समय अपने चचेरे दादा जी (दादा के भाई) से एक बार मैंने पूछा था कि ये नेता लोग जो अपना परचा बांटतें हैं, उसमें अपने फोटो के साथ-साथ तीर-धनुष, तो हँसुआ-बाली, हाथ, मशाल, कमल आदि-आदि का फोटो क्यों लगाते हैं?
उन्होंने कहा था, बेटा ये उनकी पार्टी का चुनाव चिन्ह है, इसे एक प्रतिक रूप में बनाया गया है। ये लोगों की स्मृति में बैठ जाता है। वो बोले ये वो जरिया जिसमें आदी(अदरख) के साथ मोथा(एक प्रकार का घास) भी पार हो जाता है।

उस समय न चुनाव आयोग का ज्ञान था, न ही चुनाव चिन्ह की उतनी समझ। हां ये समझ जाता था कि सूरज मंडल का तीर-धनुष तो भूदेव चौधरी का मशाल, आज इन सबकी याद इसलिए आई क्योंकि पीएम तो अपना गाँव गोद लेकर, खुद गाँव के गोद में चले गए, और सारा रायता भी फ़ैल ही गया। लेकिन और अन्य गांवो का क्या होगा उसके लिए तो सांसद ही मालिक हैं, इसलिए अब बस यही सोचता हूँ कि बांका जिला और भागलपुर प्रमंडल के तहत आने वाले मेरे गाँव "हरचंडी" को भी पीएम जी बेड़ा पार लगवा देते तो बढियां रहता। मने की जयापुर के संगे हमरो गाँव ग्लोबल हो जाता ना। फिलहाल बहुत पिछड़ी स्थिति में है।


नोट:- गाँव से हाईस्कूल तीन किमी की दूरी पर, लड़कियों की शिक्षा दर नगण्य।
-स्वास्थ्य केंद्र की दुरी 6 किमी (जगदीशपुर), एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 1 किमी दूर अम्हारा गाँव में खुला है, पर डॉक्टर का अता-पता नहीं रहता।
-आबादी 2,500 से ज्यादा, बिजली आ गई है।
-पुस्तकालय हमारे बचपन के समय में हुआ करता था, अब नहीं है।
.....।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जीवन की सार्थकता

लोग कहते हैं जीवन नश्वर है। बहुत से महान व्यक्तियों और संतों ने भी इस बात की सत्यता भी प्रमाणित की है। वे बड़े लोग थे उन्हें झूठलाया नहीं जा सकता- लेकिन मेरी समझ में जीवन नश्वर नहीं है। अगर नश्वर होता तो आज विश्व में मानव का आस्तित्व ही नहीं रहता। नश्वर शब्द का तात्पर्य उस वस्तु से है जिसका आस्तित्व ना रहें। किंतु मानव का आस्तित्व था, है, और रहेगा। व्यक्तिगत मृत्यु मानव का विनाश नहीं है। वह सिर्फ निरर्थक पत्तों का गिरना मात्र है। जिससे मानव रूपी वृक्ष की सुन्दरता विकृत ना हो जाय। व्यक्तिगत क्षति मेरी क्षति है। पर मानवता की नहीं...... विवेकानन्द आई आई एम सी

बिहार चुनाव को लेकर क्या है जनता परिवार की राजनीति?

विवेकानंद सिंह जनता परिवार को लेकर सबके दिमाग  में अभी बस एक ही बात आ रही होगी कि इतना हो-हल्ला और कई मीटिंग्स के दौर के बाद जब सबने एक होने का फैसला कर ही लिया तो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह विलय क्यों नहीं? जब मोदी की लहर के कारण धुर विरोधी हो चुके दो भाई गले मिलने को तैयार हो ही गए तो अब आखिर क्या समस्या हो गई? क्या लालू-नीतीश के रिश्तों में फिर से दरार आ गई? क्या पप्पू और मांझी का इसमें कोई फैक्टर तो नहीं है? लेकिन सवालों से इतर हकीकत यही है कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में राजद-जदयू के विलय से बेहतर विकल्प उनके लिए गठबंधन ही है। राजद के एक नेता से मेरी बात हुई तो उनका कहना था कि उनके लिए सीटों की संख्या से बड़ा मसला 16 वीं बिहार विधान सभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता तक पहुँचने से रोकना है। बीजेपी के नेता ने कहा कि इनकी आपसी लड़ाई के बीच हम 175 का आंकड़ा छूने में कामयाब होकर रहेंगे। खैर हार-जीत का पता तो चुनाव के बाद ही चलेगा लेकिन जनता परिवार में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस हलचल पर मशहूर नारा याद आ रहा है “अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है”। देखना दिलचस्प होगा क...

यहां सरकारी स्कूलों के 'शिक्षक' बने हैं 'मैनेजर'

विवेकानंद सिंह सरकारी स्कूलों में मिलनेवाली शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खास तौर से बिहार के सरकारी स्कूलों में काम करनेवाले शिक्षक आजकल गजब के मैनेजर बन गये हैं। हो सकता है आपको मेरी बातें थोड़ी अजीब लगे, लेकिन यह एक सच्चाई है। पढ़ाने के अलावा अपनी नौकरी बचाने के लिए व कम सैलरी को बेहतर बनाने के लिए उन्हें कई तरह से खुद को और छात्रों के अटेंडेंस को मैनेज करना पड़ता है। उन्हें हर दिन बच्चों के बिना स्कूल आये भी, उनका अटेंडेंस बनना पड़ता है। इसमें हेडमास्टर साहब (प्रधानाध्यापक) से लेकर शिक्षक भी एक-दूसरे की मदद करते नजर आते हैं। हालांकि, वे भ्रष्ट नहीं, बल्कि बस मैनेज कर रहे होते हैं, क्योंकि उनके ऊपर बैठे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी का काम भी सिर्फ अपनी सैलरी से तो नहीं चल पाता है। दरअसल, वे लोग भी मैनेज कर रहे होते हैं। क्योंकि, सबसे खास बात यह है कि बच्चों के पिता खुद ही मैनेज कर रहे होते हैं। वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की चाह में अपने बच्चे को ट्यूशन देते हैं, प्राइवेट टाइप स्कूल में पढ़ने भेजते हैं, लेकिन सरकारी सिंड्रोम से ग्रस्त हो...