सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

नहीं रुकेगी ये कलम!

जब मैं उच्च विद्यालय में पढ़ता था तब हम अपने सहपाठी को चिढ़ाने के लिए एक-दूसरे के पिताजी के नाम पर टिप्पणी करते थे, और इस बात पर हमारे बीच मारा-मारी तक हो जाती थी। कभी-कभी बात इतनी बढ़ती थी कि प्रधानाध्यापक से होते हुए बात घर तक पहुँच जाती थी। फिर पिताजी मुझे जमकर डांटते थे। मैं कहता कि पहले तो उसी ने आपका नाम बोला था, वो मेरी एक न सुनते थे। धीरे-धीरे जब माध्यमिक की कक्षा तक पहुंचे तब एहसास होने लगा कि ये क्या हद चिरकुटई करते थे हमलोग!

उसी समय पहली बार किसी सभा में एहसास दिलाया गया कि हम हिन्दू हैं। फिर मुझे भी ये लगने लगा कि मुस्लिम कितने निर्दयी होते हैं? गाय काट कर खा जाते हैं। उसी दौरान एक दिन मैंने एक हिन्दू को बकरा काटते देखा, बकरा में-में कर तड़प कर मर गया। फिर मुझे लगा ये हिन्दू भी कितने निर्दयी होते हैं? हिन्दू भी निर्दयी, मुसलमान भी निर्दयी तो दयावान क्या सिर्फ मैं ही हूँ?

उत्तर जानने कि कोशिश की तो पता चला कि ये निर्दयी नाम के प्राणी हर धर्म में होते हैं जिनका धर्म से कोई वास्ता नहीं होता है। उन्हें बस हिंसा का बहाना चाहिए होता है।

मेरा गाँव हरचंडी उस लौंगाय से 3 किमी दूर है जहाँ 1989 के भागलपुर दंगे में जमकर नरसंहार हुआ था। संयोगवश उसी दंगे के समय मेरा जन्म भी हुआ था। मेरी दादी कहती थी कि मेरे अपने गाँव में भी मुस्लिम आबादी थी। दंगे में वे सभी जमीन बेच-बाच कर भाग गए। कुछ का तो कोई पता नहीं है कुछ पास ही के हरना-बुजुर्ग गाँव में बसे हैं।

बावजूद इसके एक मोहम्मद कमरुद्दीन अहमद के परिवार से हमारे परिवार की पुश्तैनी दोस्ती चली आ रही थी। बीच के वर्षों में यह थोड़ी प्रभावित रही, लेकिन सबसे अच्छी बात कि ये दोस्ती अब फिर से चल रही है। हमारे यहाँ की शादियों में हम एक-दूसरे को न्योता देते हैं। हमारे प्रेम के बीच तो धर्म कहीं आड़े नहीं आती है।

सभ्य समाज में आजादी वही है जहाँ हम एक-दूजे की सीमाओं का सम्मान करें। सभ्य समाज में स्वतंत्रता की भी सीमा होती है। यहाँ ईशनिंदा भी एक ऐसा ही विषय है, लगभग लोग मानते हैं ईश्वर कोई एक ही है। फिर धर्म के नाम पर ये हत्या और लड़ाई कैसी? हिंसा करने वाले किसी धर्म के लोग नहीं होते। वो सबसे बड़े वाले सेक्युलर(अधर्मी) होते हैं देखिये न पेरिस में 12 में एक मरने वाला सिपाही मुसलमान था तो आप क्या कहेंगे?

इसमें कोई शक नहीं कि शार्ली अब्दो के कई कार्टून वाहियात थे, वे भी एक स्तर पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की हिंसा कर रहे थे, लेकिन ये कथित धर्म के संरक्षक भी हिंसा करने को बेताब हैं।

आज के दौर में जनमानस में आतंक का असर कई गुणा अधिक होता है चूंकि संचार माध्यमों की बहुलता के कारण हम जाने-अंजाने में आतंकी घटना के दृश्य तक पहुंच जाते हैं, लेकिन कुछ भी हो मुझे नहीं लगता कि आतंक से कभी "कलम" रुकने वाला है और जब तक जाहिल और धर्मांध लोग मौजूद हैं तब तक कलम से भी आतंक नहीं रुकने वाला है। ऐसे में हर इंसान को आतंक से खौफजदा हुए बिना बस अपना काम अनवरत जारी रखना होगा। प्रेम हमारे हृदय की अभिव्यक्ति होनी चाहिए।

-विवेकानंद सिंह

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जीवन की सार्थकता

लोग कहते हैं जीवन नश्वर है। बहुत से महान व्यक्तियों और संतों ने भी इस बात की सत्यता भी प्रमाणित की है। वे बड़े लोग थे उन्हें झूठलाया नहीं जा सकता- लेकिन मेरी समझ में जीवन नश्वर नहीं है। अगर नश्वर होता तो आज विश्व में मानव का आस्तित्व ही नहीं रहता। नश्वर शब्द का तात्पर्य उस वस्तु से है जिसका आस्तित्व ना रहें। किंतु मानव का आस्तित्व था, है, और रहेगा। व्यक्तिगत मृत्यु मानव का विनाश नहीं है। वह सिर्फ निरर्थक पत्तों का गिरना मात्र है। जिससे मानव रूपी वृक्ष की सुन्दरता विकृत ना हो जाय। व्यक्तिगत क्षति मेरी क्षति है। पर मानवता की नहीं...... विवेकानन्द आई आई एम सी

बिहार चुनाव को लेकर क्या है जनता परिवार की राजनीति?

विवेकानंद सिंह जनता परिवार को लेकर सबके दिमाग  में अभी बस एक ही बात आ रही होगी कि इतना हो-हल्ला और कई मीटिंग्स के दौर के बाद जब सबने एक होने का फैसला कर ही लिया तो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह विलय क्यों नहीं? जब मोदी की लहर के कारण धुर विरोधी हो चुके दो भाई गले मिलने को तैयार हो ही गए तो अब आखिर क्या समस्या हो गई? क्या लालू-नीतीश के रिश्तों में फिर से दरार आ गई? क्या पप्पू और मांझी का इसमें कोई फैक्टर तो नहीं है? लेकिन सवालों से इतर हकीकत यही है कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में राजद-जदयू के विलय से बेहतर विकल्प उनके लिए गठबंधन ही है। राजद के एक नेता से मेरी बात हुई तो उनका कहना था कि उनके लिए सीटों की संख्या से बड़ा मसला 16 वीं बिहार विधान सभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता तक पहुँचने से रोकना है। बीजेपी के नेता ने कहा कि इनकी आपसी लड़ाई के बीच हम 175 का आंकड़ा छूने में कामयाब होकर रहेंगे। खैर हार-जीत का पता तो चुनाव के बाद ही चलेगा लेकिन जनता परिवार में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस हलचल पर मशहूर नारा याद आ रहा है “अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है”। देखना दिलचस्प होगा क...

यहां सरकारी स्कूलों के 'शिक्षक' बने हैं 'मैनेजर'

विवेकानंद सिंह सरकारी स्कूलों में मिलनेवाली शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खास तौर से बिहार के सरकारी स्कूलों में काम करनेवाले शिक्षक आजकल गजब के मैनेजर बन गये हैं। हो सकता है आपको मेरी बातें थोड़ी अजीब लगे, लेकिन यह एक सच्चाई है। पढ़ाने के अलावा अपनी नौकरी बचाने के लिए व कम सैलरी को बेहतर बनाने के लिए उन्हें कई तरह से खुद को और छात्रों के अटेंडेंस को मैनेज करना पड़ता है। उन्हें हर दिन बच्चों के बिना स्कूल आये भी, उनका अटेंडेंस बनना पड़ता है। इसमें हेडमास्टर साहब (प्रधानाध्यापक) से लेकर शिक्षक भी एक-दूसरे की मदद करते नजर आते हैं। हालांकि, वे भ्रष्ट नहीं, बल्कि बस मैनेज कर रहे होते हैं, क्योंकि उनके ऊपर बैठे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी का काम भी सिर्फ अपनी सैलरी से तो नहीं चल पाता है। दरअसल, वे लोग भी मैनेज कर रहे होते हैं। क्योंकि, सबसे खास बात यह है कि बच्चों के पिता खुद ही मैनेज कर रहे होते हैं। वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की चाह में अपने बच्चे को ट्यूशन देते हैं, प्राइवेट टाइप स्कूल में पढ़ने भेजते हैं, लेकिन सरकारी सिंड्रोम से ग्रस्त हो...