विवेकानंद सिंह
बिहार विधानसभा चुनाव का काउंट डाउन शुरू होने के बेहद करीब है। चूँकि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी 25 जुलाई को पहली बार बिहार आ रहे हैं। अभी तक बिहार में जो भी राजनीतिक नोंक-झोंक और सरगर्मी देखने को मिली है उसके केंद्र बिंदु में मोदी ही नजर आते हैं। चाहे वो लोकसभा आम चुनाव के बाद नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की घटना हो या फिर उसके बाद लालू-नीतीश का एक साथ आ जाना रहा हो।
ऐसा प्रतीत हो रहा है कि साल 2015 बिहार के राजनीतिक इतिहास में अपनी एक नई पहचान बनाने वाला है। क्योंकि पिछले कुछ महीनों से ही बिहार में राजनीतिक रूपांतरण का एक दौर चल पड़ा है।
जिसने भी फिल्मों की शूटिंग देखी होगी वह जानता होगा कि सेट पर अभिनेताओं के बीच का आपसी रिश्ता और सेट के बाहर का रिश्ता काफी भिन्न होता है। ठीक वही स्थिति अभी बिहार की राजनीति और राजनीतिज्ञों में देखने को मिल रही है। आगामी विधानसभा चुनाव भी किसी फिल्म सी ही लग रही है जिसमें राजनीतिक पार्टियाँ प्रोडक्शन हाउस बन गई हैं और वे अलग-अलग सुपरस्टार साइन किए जा रहे हैं। इनमें से कई “बिग स्टोरी टेलर” तो कई “टू लाइन स्टोरी टेलर” हैं। वर्तमान समय में सारा खेल बस कह देने का ही है। पार्टियों को लगता है कि इन आगामी दो-तीन महीनों में जो जितनी अधिक मात्रा में कुछ कह पाएगा जनता उसी की मुरीद हो जाएगी।
ऐसी स्थिति में अगर प्रधानमंत्री मोदी के अब तक की कार्यशैली को गौर से देखें तो वो भी ‘टाइम मैन’ की तरह नजर आते हैं। वह समय के साथ राजनीतिक सामंजस्य के महत्व को अच्छी तरह से डील करते रहे हैं ताकि वो विपक्ष को मात दे सकें। उनके अंदर एक विविध स्वाभाव का ऐसा आदमी बैठा है जो नरेंद्र मोदी को डाइवर्स, स्मार्ट और सटीक दांव लगाने वाला नेता बनाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कब बोलने लगेंगे और कब तक चुप रहेंगे? ये सबकुछ पूर्व निर्धारित सा मालूम पड़ता है। लेकिन सवाल यह है कि उनका ये दांव बिहार के आगामी चुनाव में चलेगा भी या नहीं?
हो सकता है बिहार के लिए आने वाले कुछ दिन “क्रिसमस टाइम” जैसे हों, जहां लगे कि गिफ्टों की भरमार सी हो गई है। 25 जुलाई को आईआईटी के उद्घाट्न के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे। वह पल सिनेमा के उस सीन जैसा हो सकता है जब दो बेहतरीन कलाकार अपने संवाद के जरिए लोगों की तालियाँ बटोरने की कोशिश करते हैं। अब ये मुलाकात कैसी रहेगी ये तो 25 जुलाई को ही पता चलेगा।
एक प्रश्न यह भी है कि आगामी विधानसभा चुनाव के निर्माता और निर्देशक कौन होंगे? यह तय होना अब तक बाकी है। ऐसे तो लोकतंत्र में अमूमन निर्माण और निर्देशन की भूमिका जनता को निभानी चाहिए लेकिन मामला थोड़ा अलग सा लग रहा है। बिहार के लोगों से, अपने घरवालों और अपने दोस्तों से बात करने पर पता चला कि वो राजनीतिक रूप से कनफ्यूज हैं। जब मैंने जानना चाहा कि आखिर इस कनफ्यूजन की वजह क्या है? तो पता चला कि वे लोग अभिनेता और बिलेन का फर्क नहीं कर पा रहे हैं। क्या इस कनफ्यूजन की वजह चुनाव प्रचार की तामझाम और हाईटेकनेस तो नहीं है?
बड़े-बड़े होटलों के सेफ जैसे कई वेराइटी की सब्जियाँ झट से बना डालते हैं उसी तरह राजनीति से जुड़े मसलों को बिहारी यूँ चुटकियों में निवटा देते हैं। परंतु इस बार लग रहा है कि ये बिहारी जनमानस कहीं चुनाव परिणाम को “कढ़ाई पनीर” बनाने की जगह “मिक्स वेज” ना बना दें? अगर ऐसा हुआ तो देखना दिलचस्प होगा कि राजनीति का “मिक्स वेजीटेवल” कितना टेस्टी हो पाता है?
बाकी तो आपलोग जानते ही हैं कि बिहार का चोखा कितना मशहूर है? तो आप भी तैयार रहिए बिहार की राजनीति का निर्माण और निर्देशन करने के लिए, ऐसा न हो कि आप सोचते ही रह जांए और आपकी फिल्म कोई और ही बना दे। एक अन्य बात को ध्यान में रखना भी जरूरी है कि एक्टर के संवाद से ज्यादा उसका एक्ट मायने रखता है, क्योंकि संवाद किसी और का भी लिखा हो सकता है लेकिन एक्ट उसका खुद का काम होता है। उसकी खुद की मेहनत होती है। …तो बिहार की जनता तैयार रहिए ‘एक्ट को सेलेक्ट’ करने के लिए और हम भी आते रहेंगे आपके बीच राजनीति के कई दिलचस्प किस्सों के साथ। तब तक के लिए नमस्कार!
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें