सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

कैसे विकसित होगा गांवों का यह देश?

  • विवेकानंद सिंह, युवा पत्रकार

सुबह से ही अपने गांव की बड़ी याद आ रही है, न जाने क्यों मन बार-बार वहीं जा कर अटक-सा गया है। ईटों को जोड़ कर बनी गांव की सड़क और हरे-भरे फसलों से लहलहाते बहियारों (खेतिहर जमीनों का बड़ा समूह) के नामकरण के बारे में सोच रहा हूं। अक्सर कोई भी गांव कई बहियारों के समूह से घिरे होते हैं, जिनमें किसानों की कृषि योग्य भूमि होती है। मेरा गांव हरचंडी भी कई बहियारों से घिरा है। जिनमें चमटोली, मिलिक धमना, घोघर, बड़की बगीचा, घोराहा, डुमरी तर, बेलासी, हरचौरा, बदारी, कुशाहा, बरहमोतर आदि प्रमुख बहियार हैं। इनके अलावा भी कई छोटे-छोटे बहियार हैं। इन बहियारों का गांव से बड़ा ही करीबी रिश्ता है। सही मायने में गांव की पूरी जीडीपी इन्हीं बहियारों पर टिकी है। इन नामों पर गौर करेंगे तो आप पायेंगे कि उनका रिश्ता किसी समुदाय या फिर समूह से रहा है, जैसे चमटोली गांव से बाहर का वह हिस्सा है, जहां कभी चमार जाति के लोग रहा करते थे। वे वहां से कहां गये, उनका क्या हुआ? इसकी कोई खोज-खबर नहीं है। इसी तरह एक नाम है डुमरी तर, दरअसल इस बहियार में डुमर (गूलर) का एक बड़ा-सा पेड़ है और तर यानी नीचे, इसलिए इस पूरे इलाके को डुमरी तर कहा जाता है।

सारे बहियारों के नाम की वजह तो मुझे याद भी नहीं। इसकी व्याख्या भवेश राम बड़ी अच्छी तरीके से किया करते थे। मेरी पुश्तैनी खेतों में काम करनेवाले भवेश राम, जो कि अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनसे बचपन से ही मेरी बहुत अच्छी बनती थी। मैं उन्हें भवेश काका कह कर बुलाया करता था। मैं जब भी बहियार जाता, तो वे बड़े मजेदार किस्से सुनाते थे। कमाल की बात है कि वे थे, तो बिल्कुल निरक्षर, लेकिन मेमरी पावर इतनी तगड़ी थी कि पढ़े-लिखे लोग भी उनके आगे पानी भरने लगें। उनकी हाइट कमोवेश सचिन तेंदुलकर की जितनी ही थी। उनके ज्यादा बोलने की वजह से लोग उन्हें छयरवा भी बुलाते थे, वैसे भी अपने देश में मजदूरों को लोग आराम से मजाक का पात्र बना देते हैं, लेकिन सांप-बिच्छू के विष से लेकर भूत-योगिन झाड़ने की कला में भवेश राम को महारत हासिल थी।

मेरे गांव के इन बहियारों का परिसीमन भी अजीब तरीके से किया गया है। आप अगर गांव से रिश्ता रखते होंगे तो पता होगा कि बहियार में खेत का जो अड्डा (मेढ़) होता है, वह कश्मीर के लाइन ऑफ कंट्रोल से कम सेंसिटिव नहीं होता है। आये दिन इस मेढ़ की सीमा की वजह से भाई-भाई में लड़ाई होती रहती है। मेरा खुद का परिवार इसका दंश झेल रहा है। खैर यह भी गांव की जीवंतता का एक हिस्सा है। मेरे गांव से सटे ये जितने भी बहियार हैं, ज्यादातर भागलपुर जिले के अंतर्गत आते हैं, लेकिन मेरा गांव बांका जिला के अंदर आता है।

बांका की बात करें तो, यह बिहार के सबसे पिछड़े जिलों में से एक है, लेकिन मेरे क्षेत्र को धान के कटोरा के रूप में जाना जाता रहा है। अगर आप सेंटेड यानी खुशबूदार चावलों के शौकीन होंगे, तो ‘कतरनी’ का नाम आपने जरूर सुना होगा। जगदीशपुर की कतरनी के रूप में इसका चूड़ा और चावल पूरे देश में प्रसिद्ध है। खासतौर से कतरनी चूड़ा बहुत फेमस है, क्योंकि कतरनी का चूड़ा बासमती से भी ज्यादा टेस्टी होता है। हालांकि, अब दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि किसान लगभग कतरनी की खेती छोड़ चुके हैं, क्योंकि कतरनी चावल उस तरह का ब्रांड नहीं बन पाया, जैसा ब्रांड बासमती है। छोटे किसान, जिनके पास कम खेत है, वे अब ज्यादा-से-ज्यादा हायब्रीड नस्ल के धानों की खेती करते हैं। क्योंकि उसकी उपज प्रति बीघा अधिक होती है। स्वाभाविक है कि आखिर में आपको मुनाफा कितना होता है, यही मायने रखता है।

मेरे पिता जब तक खुद से खेती करते रहे, तब तक कम-से-कम तीन बीघा जमीन कतरनी की खेती के लिए रिजर्व रखते थे। सौदा नुकसान का था, लेकिन वे ऐसा इसलिए करते थे, ताकि देश के अलग-अलग हिस्सों में रह रहे रिश्तेदारों तक शुद्ध कतरनी चूड़ा-चावल पहुंचाया जा सके। अब स्थिति अलग है। अब जगदीशपुर हाट (छोटा बाजार) में भी आपको शुद्ध कतरनी का चूड़ा मिल जायेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है। यानी आप समझ लीजिए कि ब्रांड कतरनी के नाम पर आपको शोभा, संभा, सुरभि आदि धान के चूड़ा से ही काम चलाना पड़ेगा।

मैं जब भी गांव के विकास के बारे में सोचता हूं, तो अक्सर उलझ जाता हूं। मेरे पिता ने अपने स्तर से गांव में कृषि को उद्योग बनाने की कई कोशिशें की, लेकिन बाजार से गांव की दूरी और रिमोट इलाका यानी सड़कों के खराब होने की वजह से बिचौलियों के हाथ मुनाफा गंवाना पड़ता था। अब सड़कें बेहतर हुई हैं, लेकिन हालात जस-के-तस हैं। हालांकि, कृषि के अलावे दूसरे उद्योगों के लिए यह जगह जन्नत है। मेरे अपने गांव में ढलवां लोहे से बनी चापानल (हैंडपंप) की तीन फैक्ट्री है और इन तीनों को मिला कर लगभग 200 से ज्यादा लोगों को तीसों दिन का रोजगार मिल जाता है। इस वजह से भी गांव में समृद्धि है, लेकिन यह एकतरफा अंदाज का विकास है। साथ ही गांव के विकास का शहरी मॉडल है। यह विकास प्रदूषणमुक्त और जैविक भी नहीं है। मेरे हिसाब गांव का विकास जैविक ही होना चाहिए। मौजूदा मोदी सरकार ने भी इस संबंध मे वादे तो कई किये, लेकिन अभी तक जमीन पर उतरता कुछ दिख नहीं रहा है। हालांकि, मोदी जी द्वारा 2022 के विजन की जो बात कही गयी है, वह बेहद महत्वपूर्ण है। सिर्फ सरकार द्वारा सकारात्मक पहल की जरूरत है। अभी तक तो पूरे देश में सबसे ज्यादा सरकारी उदासिनता गांवों को ही झेलनी पड़ती है।

गांव के विकसित होने की कल्पना में कुछ ही रोड़े नजर आते हैं। उसमें ज्यादातर बुनियादी चीजें ही प्रमुख हैं। यहां गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा की व्यवस्था आज भी नगण्य है, इस स्थिति में सुधार लाने के लिए पब्लिक लेवल पर भी जागरूकता की जरूरत है। आज भी लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधा से महरूम हैं, यानी अभी भी स्वास्थ्य सुविधा के आभाव में मरीज की जान चली जाती है। युवाओं के पास स्किल और रोजगार की कमी है। कुछ के पास स्किल है, तो पूंजी की कमी है। हालांकि, बैंक से लोन मुहैया करवाने के संदर्भ में सरकार कई दावे करती हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की बैंक लोन देने के मामले में बेहद पिछड़ी हुई है।

उदाहरण के तौर पर एक घटना का जिक्र करना चाहूंगा। मेरे गांव से कई किशोर कमाने के उद्देश्य से पानीपत गये थे। वहां उन्होंने प्लास्टर ऑफ पेरिस का काम सीखा। उनमें से कुछ ठीकेदार बन गये तो कुछ बहुत अच्छे कारीगर। आज सिर्फ मेरे गांव में 50 से ज्यादा प्लास्टर ऑफ पेरिस का काम करनेवाले कारीगर हैं। जब इनमें से कुछ युवाओं ने गांव में ही रह कर अपने स्किल को कंपनी का रूप देना चाहा तो न बैंक से मदद मिली और न ही सरकार से, अंत में वे फिर बड़े शहरों की ओर पलायन करके चले गये। अभी गांव में जो भी संपन्नता है, वह बाहर जा कर लोगों द्वारा कमाये गये पैसों की वजह से। गांव में हो रही खेती की जीडीपी जीरो साइकिल में फंसी हुई है। साल भर खेती करके यदि कोई अपने मुनाफे का आकलन करे तो मामला मजदूरी जैसा है यानी रोज कमाओ और रोज खाओ। यह सब अव्यवस्था का नतीजा है। ऐसा नहीं कि गांव में अवसर और संभावनाओं की कमी है, लेकिन कमी है उचित मदद की, सरकारी प्रोत्साहन की। हमें भी सोचना होगा कि आखिर कैसे विकसित होगा हमारा गांवों का यह देश।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जीवन की सार्थकता

लोग कहते हैं जीवन नश्वर है। बहुत से महान व्यक्तियों और संतों ने भी इस बात की सत्यता भी प्रमाणित की है। वे बड़े लोग थे उन्हें झूठलाया नहीं जा सकता- लेकिन मेरी समझ में जीवन नश्वर नहीं है। अगर नश्वर होता तो आज विश्व में मानव का आस्तित्व ही नहीं रहता। नश्वर शब्द का तात्पर्य उस वस्तु से है जिसका आस्तित्व ना रहें। किंतु मानव का आस्तित्व था, है, और रहेगा। व्यक्तिगत मृत्यु मानव का विनाश नहीं है। वह सिर्फ निरर्थक पत्तों का गिरना मात्र है। जिससे मानव रूपी वृक्ष की सुन्दरता विकृत ना हो जाय। व्यक्तिगत क्षति मेरी क्षति है। पर मानवता की नहीं...... विवेकानन्द आई आई एम सी

बिहार चुनाव को लेकर क्या है जनता परिवार की राजनीति?

विवेकानंद सिंह जनता परिवार को लेकर सबके दिमाग  में अभी बस एक ही बात आ रही होगी कि इतना हो-हल्ला और कई मीटिंग्स के दौर के बाद जब सबने एक होने का फैसला कर ही लिया तो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह विलय क्यों नहीं? जब मोदी की लहर के कारण धुर विरोधी हो चुके दो भाई गले मिलने को तैयार हो ही गए तो अब आखिर क्या समस्या हो गई? क्या लालू-नीतीश के रिश्तों में फिर से दरार आ गई? क्या पप्पू और मांझी का इसमें कोई फैक्टर तो नहीं है? लेकिन सवालों से इतर हकीकत यही है कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में राजद-जदयू के विलय से बेहतर विकल्प उनके लिए गठबंधन ही है। राजद के एक नेता से मेरी बात हुई तो उनका कहना था कि उनके लिए सीटों की संख्या से बड़ा मसला 16 वीं बिहार विधान सभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता तक पहुँचने से रोकना है। बीजेपी के नेता ने कहा कि इनकी आपसी लड़ाई के बीच हम 175 का आंकड़ा छूने में कामयाब होकर रहेंगे। खैर हार-जीत का पता तो चुनाव के बाद ही चलेगा लेकिन जनता परिवार में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस हलचल पर मशहूर नारा याद आ रहा है “अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है”। देखना दिलचस्प होगा क...

यहां सरकारी स्कूलों के 'शिक्षक' बने हैं 'मैनेजर'

विवेकानंद सिंह सरकारी स्कूलों में मिलनेवाली शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खास तौर से बिहार के सरकारी स्कूलों में काम करनेवाले शिक्षक आजकल गजब के मैनेजर बन गये हैं। हो सकता है आपको मेरी बातें थोड़ी अजीब लगे, लेकिन यह एक सच्चाई है। पढ़ाने के अलावा अपनी नौकरी बचाने के लिए व कम सैलरी को बेहतर बनाने के लिए उन्हें कई तरह से खुद को और छात्रों के अटेंडेंस को मैनेज करना पड़ता है। उन्हें हर दिन बच्चों के बिना स्कूल आये भी, उनका अटेंडेंस बनना पड़ता है। इसमें हेडमास्टर साहब (प्रधानाध्यापक) से लेकर शिक्षक भी एक-दूसरे की मदद करते नजर आते हैं। हालांकि, वे भ्रष्ट नहीं, बल्कि बस मैनेज कर रहे होते हैं, क्योंकि उनके ऊपर बैठे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी का काम भी सिर्फ अपनी सैलरी से तो नहीं चल पाता है। दरअसल, वे लोग भी मैनेज कर रहे होते हैं। क्योंकि, सबसे खास बात यह है कि बच्चों के पिता खुद ही मैनेज कर रहे होते हैं। वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की चाह में अपने बच्चे को ट्यूशन देते हैं, प्राइवेट टाइप स्कूल में पढ़ने भेजते हैं, लेकिन सरकारी सिंड्रोम से ग्रस्त हो...